दिबियापुर (औरैया)। कांग्रेसियों ने दिबियापुर विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में भाजपा भगाओ महंगाई हटाओ प्रतिज्ञा पदयात्रा निकाली। गांवों से गुजरी पदयात्रा में कांग्रेस की घोषणाओं के बारे में बताकर जनसमर्थन जुटाया और पार्टी की नीतियां गिनाई।
उत्तर प्रदेश फिशरमैन, कांग्रेस के प्रदेश सचिव डा. प्रकाश चंद्र कश्यप के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने प्रतिज्ञा पदयात्रा निकाली। कई स्थानों पर नुक्कड़ सभा करके कांग्रेस की नीतियों को बताया। डा. प्रकाश चंद्र कश्यप ने बताया कि कांग्रेस की सरकार आने पर साल में तीन फ्री सिलेंडर, छात्राओं को स्मार्ट फोन, स्कूटी, महिलाओं को निशुल्क बस सेवा, एक हजार रुपये वृद्धावस्था व विधवा पेंशन, आंगनबाड़ी, आशा बहुओं को 10 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय, किसानों का धान 25 सौ रुपये प्रति क्विंटल, गन्ना का 4 हजार रुपये प्रति क्विंटल लिया जाएगा।
कोरोना काल तक का बिजली बिल माफ और बिजली बिल आधा लिया जाएगा। नुक्कड़ सभाओं में उन्होंने बताया कि जब से भाजपा सरकार आई है तब से महंगाई चरम सीमा पर पहुंच गई है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा का तख्ता पलट तक सत्ता से बेदखल करेगी। जमुहां, भट्ठा बस्ती, वाल्मीकि बस्ती, बहादुर पुर्वा, कृष्णानगर, झाबर पुर्वा, विकास कुंज, गुमानी का पुर्वा, जमुहीं, ककराही गांवों में प्रतिज्ञा पद यात्रा निकली। इस मौके पर जिलाध्यक्ष इंजीनियर निश्चय कश्यप, नीरज कश्यप, श्रीकृष्ण कश्यप, प्रदीप कश्यप, शिवा, संतोष कैथवार, लालू दिवाकर, प्रदीप सविता आदि मौजूद रहे।