फोटो-20एयूआरपी-30 लूट व मारपीट का शिकार सिधारे व उसकी पत्नी खुशबू। संवाद
- फोटो : AURAIYA
अछल्दा। इटावा के जसवंतनगर से अछल्दा बाइक से आ रहे दंपती को बंशी गांव के बाहर सैय्यद बाबा मजार के पास तीन लोगों ने रोक लिया।
उन्हें तमंचा लगाकर मारपीट कर महिला से मंगलसूत्र, 20 हजार रुपये और उनकी बाइक छीनकर तीनों बदमाश भाग गए। पति को घायलावस्था में महिला अछल्दा थाने लेकर पहुंची। खून से लथपथ युवक को देख थाने में हड़कंप मच गया।
अछल्दा के बंशी गांव की मड़ैया निवासी सिधारे ने बताया कि वह मजदूरी करता है। रविवार देर शाम को पत्नी खुशबू व एक साल के बेटे को लेकर इटावा के जसवंतनगर बाले गांव निवासी रिश्तेदार के घर से लौट रहा था।
गांव के बाहर बनीं सैय्यद बाबा मजार के पास एक बाइक पर सवार तीन लोगों पीछे से आए और उन्हें रोक लिया। तीनों नकाब पहने हुए थे। बदमाशों ने तमंचा निकालकर उसे लगा दिया। इसके बाद जेवर व रुपये की मांग की।
जब उन्होंने देने से इंकार किया, तो बदमाशों ने मारपीट करना शुरू कर दिया। इसके बाद बैग में रखे 20 हजार रुपये, पत्नी का मंगलसूत्र व बाइक छीनकर भाग गए। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह एक बदमाश को पहचान गया है।
पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। अछल्दा थाना प्रभारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि लूट व मारपीट की जानकारी हुई। मौके पर जाकर पड़ताल की गई। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।