औरैया। वर्ष 2020 की बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 20 मेधावियों का सोमवार को सम्मान हुआ। इंटर की परीक्षा में प्रदेश में तीसरा स्थान पाने वाले उत्कर्ष शुक्ला को डीएम सुनील कुमार वर्मा ने एक लाख का चेक और टैबलेट दिया। बाकी के सभी मेधावियों को 21-21 हजार के चेक व टैबलेट दिए गए।
चौधरी विशंभर सिंह भारतीय विद्यालय के सभागार में हुए सम्मान समारोह में जिलाधिकारी ने कहा कि मेहनत कभी भी व्यर्थ नहीं जाती। वर्तमान समय में नौकरी पाना आसान नहीं है। अच्छी नौकरी पाने के लिए प्रतिस्पर्धा भी अधिक है। ऐसे में जो जितनी मेहनत कर लेगा, उसे उसका प्रतिफल जरूर मिलेगा।
उन्होंने सभी मेधावियों को मिले सम्मान के लिए बधाई दी। श्री गोपाल इंटर कालेज के छात्र उत्कर्ष को सबसे पहले सम्मानित किया गया। इस मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ.चंद्र शेखर मालवीय भी उपस्थित रहे।
सम्मानित होने वाले हाईस्कूल के मेधावियों में चौधरी विशंभर सिंह भारतीय बालिका इंटर कालेज की छात्रा प्रियंशी, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज दिबियापुर की छात्रा अपूर्वा मिश्रा, अल्का व एमएस इंटर कालेज उमरैन की छात्रा परिपूर्ति यादव, गौतम बुद्ध नगर इंटर कॉलेज बाबरपुर के छात्र उज्ज्वल गुप्ता, लक्ष्मी नारायण इंटर नेशनल अछल्दा की छात्रा अनुष्का गुप्ता, शारदा इंटर कालेज बिधूना के छात्र दीपेंद्र कुमार को सम्मानित किया गया।
इसी तरह श्री सुंदर सिंह इंटर कालेज रामगढ़ की छात्रा आस्था, श्री गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज बाबरपुर के छात्र अजय राज व आर्यन गुप्ता शामिल रहे। इसके अलावा इंटर के मेधावियों में शिव इंटर कालेज हैदरपुर के छात्र दीपांशु तिवारी, श्री गोपाल इंटर कॉलेज औरैया के छात्र अविनाश तिवारी, सेंट सांई नाथ इंटर कालेज दिबियापुर की छात्रा मानसी दुबे, स्वामी प्रेम शिवानंद इंटर कालेज दिबियापुर की छात्रा तान्या सिंह, श्रीमती बृजकुंवर रामकुमारी इंटर कालेज समरथपुर के छात्र मानस गुप्ता सम्मानित हुए।
श्री गोपाल इंटर कालेज के छात्र ओमजी व आक्षांश सिंह सेंगर, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज दिबियापुर की छात्रा कौशिकी व मानस इंटर कालेज कंचौसी बाजार के छात्र आशीष कुमार को भी चेक व टैबलेट देकर सम्मानित किया गया।