बेला। मैनपुरी जिले के मीठेपुर हाईवे से 25 दिसंबर को ट्रक चोरी कर भागे क्लीनर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर जंगल से ट्रक भी बरामद कर लिया। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही है।
चंदौली जिले के धानापुर निवासी चालक राजेश राम ने बताया कि वह 25 दिसंबर को ट्रक पर किराने का सामान लादकर कानपुर जा रहा था। उसके साथ क्लीनर सलामत अली भी था। रात में उसने मैनपुरी के मीठेपुर हाईवे के किनारे ट्रक को रोका और शौच के लिए जाने लगा। तभी मौका पाकर क्लीनर सलामत अली निवासी जरावन थाना बेला ट्रक लेकर भाग निकला था।
क्लीनर की तलाश के लिए वह इधर-उधर भटका, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद बेला पुलिस को घटना की जानकारी दी। थानाध्यक्ष जीवराम ने बताया कि पुलिस ने जरावन गांव से क्लीनर को हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने ट्रक को गांव के बाहर जंगल से बरामद कर लिया है। ट्रक लेकर भागने का सही कारण जानने के लिए पूछताछ की जा रही है।