फोटो-07एयूआरपी-49- बेटी को मां एवं परिजनों के सुपुर्द करते दिबियापुर सीएचसी कर्मी। संवाद
- फोटो : AURAIYA
दिबियापुर। फफूंद क्षेत्र में बाइकों की भिड़ंत में घायल युवक की पहचान न हो पाने के कारण उसकी बेटी को अस्पताल कर्मियों ने संभाला था। देर रात सोशल मीडिया के माध्यम से हुई जानकारी के बाद बच्ची की मां अस्पताल पहुंची। जिसके बाद घायल की पहचान हो सकी।
दिबियापुर-बाबरपुर मार्ग पर केशमपुर के पास बुधवार शाम बाइकों की भिड़ंत हो गई थी। एक बाइक पर घायल ससुर और बहू को गंभीरावस्था में जिला चिकित्सालय से रेफर कर दिया गया था। जबकि दूसरे घायल के होश में न होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी।
इस पर उसके साथ अस्पताल पहुंची पांच वर्षीय बेटी को स्वास्थ्य कर्मी संभाल रहे थे। जानकारी होने पर अस्पताल पहुंची शशि देवी निवासी पुर्वा भग्गा ने घायल की शिनाख्त अपने पति मनोज के रूप में की।
वार्ड ब्वाय गौरव शुक्ला एवं कर्मियों ने बच्ची गुड़िया से मां की पहचान कराई। इसके बाद आवश्यक साक्ष्य लेकर अस्पताल कर्मियों ने बेटी को शशि एवं उसके अन्य परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस दौरान डा.अब्दुल करीम, फार्मासिस्ट मृदुल पाल, बार्ड ब्वाय गौरव शुक्ला आदि मौजूद रहे।