अजीतमल (औरैया)। हाईवे पर मिले शव की शिनाख्त कानपुर देहात के युवक के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक युवक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकला था। पुलिस सड़क हादसे में मौत की आशंका जता रही है।
कोतवाली क्षेत्र के मुरादगंज हाईवे पर शुक्रवार की देर रात एक युवक का शव मिला था। उसके पैर व सिर पर चोटें थी। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने दो अलग अलग पहचान पत्र मौके से पाए थे।
शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे विजय कुमार निवासी ग्राम भटौली रामगंज थाना रूरा, कानपुर देहात ने बताया कि मृतक किशन अवस्थी (31) उनका छोटा भाई था। किशन एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए मुरादगंज गया था। सीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में मौत होने की आशंका है। किसी ने तहरीर नहीं दी है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी देखी जाएगी।