अटसू (औरैया)। क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिरूहूनी में निर्माणाधीन सामुदायिक सुलभ शौचालय का काम आज तक पूरा नहीं हो सका है। जबकि शौचालय के निर्माण के लिए आवंटित पूरे धनराशि की निकासी की चुकी है। ग्राम प्रधान ने इस बात की शिकायत की, तो खंड विकास अधिकारी ने ग्राम पंचायत अधिकारी को कारण बताओ नोटिस भेजा था। साथ ही एक हफ्ते में जांच कर रिपोर्ट तबल की थी, पर हफ्तों बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
बिरूहूनी में बनाए जा रहे शौचालय में पानी व बिजली का काम आज तक अधूरा है। इस बात की जानकारी ग्राम प्रधान राजेश्वरी देवी ने पत्र के माध्यम से जिला स्तरीय अधिकारियों को दी थी। इसमें आरोप लगाए थे कि तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव रविंद्र कुशवाहा ने अपने कार्यकाल में शौचालय का निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही पूरी धनराशि निकाल ली।
इस शिकायत के बाद ग्राम पंचायत अधिकारी को खंड विकास अधिकारी ने नोटिस जारी कर एक सप्ताह में जांच कर रिपोर्ट देने को कहा था। हफ्तों बीत जाने के बाद भी अभी तक न तो कार्रवाई हुई और न ही निर्माण कार्य ही पूरा कराया गया।
एडीओ पंचायत अतुल मिश्रा ने बताया कि इस मामले में तत्कालीन सचिव रविंद्र कुशवाहा को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। जवाब मिलते ही दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ शौचालय का अधूरा कार्य पूरा कराया जाएगा।