औरैया। शासन के निर्देश के बाद जिले में तीन जनवरी से 15 से 18 आयु तक के किशोरों को कोरोना- 19 से बचाव का टीकाकरण किया जाना सुनिश्चित है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर लीं गईं हैं, लेकिन ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन बेहद कम होने से स्वास्थ्य महकमा चिंतित दिखाई दे रहा है।
जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ ही 100 शैया युक्त जिला अस्पताल व 50 शैया युक्त जिला अस्पताल में पूर्व में संचालित हो रहे बूथों पर 15 से 18 आयु तक के किशोरों के लिए अतिरिक्त एक-एक बूथ अलग से स्थापित कराए गए हैं। इन सभी बूथों पर प्रति बूथ 150 किशोरों को टीका लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके चलते सभी बूथों पर टीकाकरण कराए जाने के लिए कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
टीकाकरण नोउल अधिकारी डॉ.देव नारायण कटियार ने बताया कि जिले भर में पूर्व में संचालित 35 केंद्र पर पहले से ही टीकाकरण चल रहा है। कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए 15 से 18 आयु तक के किशोरों को सोमवार से विशेष कैंप लगाकर टीकाकरण किया जाएगा। बताया कि लोगों में किशोरों को टीकाकरण कराने को लेकर अभी जागरूकता नहीं दिखाई दे रही है। जिसके परिणाम स्वरूप रविवार देर शाम तक 100 शैया युक्त जिला अस्पताल पर स्थापित विशेष कैंप पर टीकाकरण कराने के लिए ऑन लाइन पांच रजिस्ट्रेशन हुए हैं। इसके साथ ही 50 शैया युक्त जिला अस्पताल पर बनाए गए विशेष कैंप पर 10 किशोरों को टीका लगाए जाने के लिए रजिस्ट्रेशन कराए गए हैं। जबकि जिले में संचालित शेष सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए बनाए गए विशेष कैंपों के लिए अभी तक एक भी ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन नहीं दिखाई दिया है। अभी 20 हजार वायल उपलब्ध थीं। जिसमें प्रत्येक सेंटर पर एक हजार से लेकर 15 सौ वायल उपलब्ध करा दी गईं हैं।