औरैया। जिले में गुर्दा रोगियों के लिए यह राहत भरी खबर है। शासन से बजट की पहली किस्त जारी होने के बाद डायलिसिस सेंटर का निर्माण शुरू हो गया है। इसका निर्माण पूरा होने के बाद गुर्दा के मरीजों को बाहर की दौड़ लगाने से राहत मिल सकेगी।
शासन से जिले में डायलिसिस सेंटर के भवन निर्माण के लिए अनुमानित लागत 57.17 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था। जिसमें शासन ने लगभग तीन माह पहले 28.86 लाख की पहली किस्त भी जारी कर दी थी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने डायलिसिस सेंटर के निर्माण के लिए चिचौली स्थित 100 शैया युक्त जिला संयुक्त चिकित्सालय में स्थित बर्न यूनिट के बगल में 2700 वर्ग फीट जगह चिह्नित की है। खास बात यह है कि किस्त मिले तीन माह से अधिक का समय बीत चुका है। मिली किस्त को दो माह में खर्च हो जाना चाहिए था। इसका निर्माण कार्यदायी संस्था पैक्सपेड को करना है। 15 दिन पहले कार्यदायी संस्था ने भवन निर्माण के लिए खोदाई का काम शुरू कराया, लेकिन बीच में बिजली की केबल आ जाने से फिलहाल निर्माण का काम रोक दिया गया है। अब कार्यदायी संस्था बिजली की केबल को शिफ्ट करने का काम कर रही है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप कुमार यादव ने बताया कि बिजली की केबल की समस्या है। जिसे दूर कराए जाने का प्रयास किया जा रहा है।