अयाना(औरैया)। अयाना क्षेत्र के रोशंगपुर के पास तालाब में नवजात बच्ची का शव पानी में उतराता मिला। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।
ग्राम प्रधान रामकिशोर गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह बुधवार सुबह घर से निकल कर गांव की ओर जा रहे थे। तभी पास के तालाब में उन्हें नवजात का शव उतराता मिला। इस पर पहले उन्होंने आस पास जानकारी की। कुछ पता न चलने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से नवजात के शव को बाहर निकलवाया। जिसके बाद पता चला कि शव बच्ची का है। स्थानीय लोगों ने अवैध गर्भपात कराने और कुछ लोग लड़की होने पर उसे तालाब में फेंके जाने की चर्चा करते रहे। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस जांच में शव 24 घंटे पहले का लग रहा है। मामले की जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।