फोटो-12एयूआरपी-24- हाइवे किनारे पलटी पड़ी दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। सदर कोतवाली के मंडी गेट के सामने हाईवे पर तेज रफ्तार डीसीएम बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में चालक की केबिन में दबने से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को केबिन से बाहर निकाल शिनाख्त की। परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कानपुर देहात जिले के सिकंदरा कस्बे के मालवीय नगर निवासी जैकी यादव (30) रविवार दोपहर डीसीएम लेकर भाड़ा लेने औरैया के करमपुर आ रहा था। जैसे ही वह डीसीएम लेकर मंडी गेट के पास हाईवे पर पहुंचा, तभी अचानक से उसने ब्रेक लगा दिया। इससे बेकाबू हुई डीसीएम पलटने के साथ हाईवे किनारे रखे पत्थरों से जा टकराई। हादसे में चालक की केबिन में बुरी तरह फंस कर मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते देख मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने डीसीएम की केबिन में फंसे चालक के शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव की पहचान करके परिजनों को सूचना दी। कोतवाली निरीक्षक संतोष कुमार अवस्थी ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक तेज रफ्तार में था और अचानक ब्रेक लगाने से हादसा हुआ है। परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।