औरैया। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान रविवार को भी जारी रहा। संविदा कर्मचारियों, आशाओं की हड़ताल के चलते सिर्फ कुल 94 सेंटर पर टीकाकरण अभियान संचालित किए जा सके।
कोरोना संक्रमण से बचाव और लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण अभियान चलाया। 50 शैया जिला अस्पताल समेत जिले में कुल 94 स्थानों पर टीमों द्वारा टीकाकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान सेंटरों पर पहुंचे 3116 लाभार्थियों का टीकाकरण किया गया। जिसके चलते अब जिले में टीकाकरण कराने वाले लाभार्थियों की संख्या 10 लाख 48 हजार 831 जा पहुंची है। जिसमें पहली डोज लगवाने वाले लाभार्थियों की संख्या सात लाख 25 हजार 521 और दोनों डोज लगवाने वाले लाभार्थियों की संख्या तीन लाख 23 हजार 310 हो गई है। रविवार को संचालित हुए टीकाकरण सेंटरों पर पहुंचे लोगों को तीसरी लहर से बचने के लिए कर्मचारियों ने उपाय भी बताए।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर से वैक्सीन ही बचा सकती है। सभी को वैक्सीन लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।