औरैया। डीएपी खाद की किल्लत से जूझ रहे किसानों के लिए अच्छी खबर है। इटावा रैक प्वाइंट से 1531 एमटी औरैया जनपद के लिए प्राप्त हो गई है। मंगलवार से सहकारी समितियों पर इनके वितरण कराने की तैयारी है।
रबी की फसल में सरसों व आलू की बुवाई के लिए डीएपी की आवश्यकता है। कोरोना संक्रमण व डीएपी के दामों में मूल्य वृद्धि से पिछले महीनों से वितरण प्रणाली में संकट खड़ा हो गया था। जिसको लेकर सरकार के अनुदान देने के बाद से वितरण प्रणाली में सुधार हुआ है। जिले के औरैया, अजीतमल व बिधूना तहसील क्षेत्र के किसानों को डीएपी खाद की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। इससे किसान खासे परेशान हैं।
खाद की किल्लत को दूर करने के लिए जिला प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। जिसको लेकर सोमवार को इटावा रैक प्वाइंट से 1531 एमटी खाद की स्वीकृति शासन से प्राप्त हो गई है। पहले इटावा प्रशासन ने 1331 एमटी डीएपी स्वीकृत की थी। जिस पर जिलाधिकारी ने जिले में डीएपी की किल्लत को देखते हुए शासन से दो एमटी के लिए शासन को पत्र लिखा था। जिस पर स्वीकृति मिल गई। अब जिले को 1531 एमटी खाद मिलेगी।
मंगलवार से सहकारी समितियों, संघों पर इसका वितरण भी शुरू करा दिया जाएगा। इसके लिए पूरी तैयार की जा चुकी है। जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र वर्मा ने बताया कि 1531 एमटी खाद स्वीकृत मिल चुकी है। फर्रुखाबाद रैक प्वाइंट से भी जल्द डीएपी मिलेगी। इसके बाद खाद की किल्लत खत्म हो जाएगी।