औरैया। कर्मचारी पुरानी पेंशन योजना की मांग को लेकर प्रदेश भर में अक्तूबर व नवंबर में बड़े स्तर पर आंदोलन चलाएंगे। इसके लिए ऑल टीचर्स एंड इम्प्लाई वेलफेयर एसोसिएशन (अटेवा)/एनएमओपीएस संगठन ने तैयारी की है। जिले में भी अटेवा की ओर से आंदोलन के लिए शिक्षकों समेत सभी विभागों के कर्मचारियों से संपर्क कर अभियान सफल बनाने की रणनीति तय की जा रही है। 22 अक्तूबर को जिला मुख्यालय ककोर तक कर्मचारियों की पदयात्रा से अभियान की शुरुआत होगी।
जिलाध्यक्ष अटेवा अमन यादव ने बताया कि पुरानी पेंशन की मांग और निजीकरण के विरोध में लगातार अभियान जारी है। इस बार आंदोलन बड़े स्तर पर किया जा रहा है। जिसमें सभी विभागों से पेंशन विहीन व निजीकरण से भयभीत कर्मचारियों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 22 अक्तूबर को अटेवा के साथी पदयात्रा करते हुए जिला मुख्यालय ककोर पहुंचेंगे और फिर वहां पर डीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि निजीकरण के विरोध और पुरानी पेंशन की मांग के लिए पीडब्ल्यूडी, सफाई कर्मचारी सहित सभी विभागों से कर्मचारी अटेवा के समर्थन व संपर्क में हैं।