औरैया। माध्यमिक शिक्षा परिषद विद्यार्थियों को बड़ी राहत देने जा रहा है। प्रवेश पत्र से लेकर परीक्षा परिणाम तक छात्रों के ई-मेल पर मिलेगा। इसके लिए विद्यार्थियों की ई-मेल आईडी बनवाकर डाटा तैयार किया गया है। यह जानकारी परिषद सीधे उनके मेल आईडी पर भेजेगा।
कोरोना काल में आए शैक्षिक बदलाव के बाद से माध्यमिक शिक्षा परिषद ने भी अपने काम करने के तरीके में बदलाव लाते हुए प्रक्रिया को ऑनलाइन करने का काम शुरू कर दिया है। इसके तहत कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों की ई-मेल आईडी समेत समस्त ब्योरा तैयार कराया गया है।
इस ब्योरे का उपयोग परिषद इस बार बोर्ड परीक्षा में करने जा रहा है। इसके तहत अब छात्रों को अपना प्रवेश पत्र लेने के लिए कॉलेज के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्हें सीधे ई-मेल पर बोर्ड ही प्रवेश पत्र भेजेगा।
इसके साथ ही परीक्षा परिणाम भी छात्र को ई-मेल पर मिल जाएगा। इसके लिए भी छात्र को माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट को नहीं खंगालना पड़ेगा।
सिर्फ इतना ही नहीं छात्रों को परिषद के नए आदेश, अध्ययन सामग्री, छात्रों के डाटा में गड़बड़ी की सूचना परीक्षा केंद्रों की सूचना समेत तमाम जानकारी सीधे मेल पर मिलेगी।
इस बार 40743 परीक्षार्थी देंगे इम्तिहान
बोर्ड परीक्षा में कुल 40743 परीक्षार्थी परीक्षा में भाग लेंगे। जिसमें हाईस्कूल के 21802 परीक्षार्थी तथा इंटरमीडिएट 18941 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। जिले में 70 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें तीन राजकीय 45 अशासकीय व 22 वित्त पोषित स्कूल शामिल हैं।
विद्यार्थियों की ई-मेल आईडी कॉलेज बनवा रहे हैं। परिषद की योजना है कि छात्रों को सीधे मेल पर सारी चीजें उपलब्ध करा दी जाएं। बोर्ड परीक्षा परिणाम की जानकारी भी मेल पर मिल सकेगी। - चंद्रशेखर मालवीय, जिला विद्यालय निरीक्षक