फफूंद। औरैया तहसील के अधासी, भर्रापुर, जुआं गांव के खेतों में बुधवार दोपहर एक बजे अचानक लगी आग से 142 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग लगने की जानकारी होने पर कई किसान बाइक व ट्रैक्टर लेकर खेतों पर पहुंचे। आग की चपेट में आकर एक ट्रैक्टर व एक बाइक भी जल गई। अग्निकांड की जानकारी होने पर डीएम, एसपी समेत पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से फायर ब्रिगेड ने करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जुआं गांव निवासी देवेंद्र मिश्रा के खेत में अचानक दोपहर एक बजे आग लग गई। तेज हवा चलने के कारण आग ने पल भर में विकराल रूप ले लिया और आग बढ़ते हुए भर्रापुर, आधासी, हार के खेतों तक जा पहुंची। चारों तरफ आग की लपटें उठती देख ग्रामीण खेतों की ओर दौड़ पड़े। लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और जिला प्रशासन को सूचना दी।
कई गांव के खेतों में आग फैलने की जानकारी पर जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव, एसपी अभिषेक वर्मा, एसडीएम मनोज कुमार सिंह, विधायक गुड़िया कठेरिया भी मौके पर पहुंच गईं। इसी बीच एनटीपीसी, गेल के अलावा फायर ब्रिगेड की कई दमकल की गाड़ियां भी पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड के कर्मियों के साथ ग्रामीण भी आग बुझाने में लग गए। आग पर काबू पाता न देख कई ग्रामीणों ने ट्रैक्टर व बाइक से खेतों के बीच में फसल रौंद कर आग को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की।
इस कोशिश में एक किसान का ट्रैक्टर व एक बाइक भी जल गई। करीब पांच घंटे बाद कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया। एसडीएम मनोज सिंह ने बताया कि आग से 142 बीघा के करीब फसल जली है। लेखपालों की टीम लगाई गई, जो किसानों के हुए नुकसान का आकलन कर रही है। पीड़ितों की हरसंभव मदद दी जाएगी।
आग के छोटे किसान तबाह
अग्निकांड में कई ऐसे किसान हैं जिन्होंने बलकट पर एक से दो बीघा जमीन ले रखी थी। इसी फसल से उनका पूरे साल गुजर बसर होना था। एक झटके में पूरी मेहनत राख होती देख किसान अफसरों व जनप्रतिनिधियों के सामने गुहार लगाते नजर आए। विधायक गुड़िया कठेरिया ने मौके पर ही अफसरों से बात कर जल्द पीड़ितों को आर्थिक मदद दिलाए जाने की बात कही। जिलाधिकारी ने भी जल्द आकलन करा पीड़ितों को मदद का आश्वासन दिया।
दो दिन में हुईं आग की घटनाओं से अफसर भी परेशान
अयाना के रोशंगपुर, अंतौल के बाद फफूंद के भर्रापुर, आधासी, जुआ में सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल जलने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इसको लेकर किसानों के साथ ही अफसर भी परेशान दिखे। अफसर आपस में कई किसानों से आग लगने का कारण जानते रहे। इधर किसान भी आग लगने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बता सके। उधर, खेतों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजरी है, आग लगने के बाद तार भी जल गए। जिस पर बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई है। अधिकारी भी मौके पर पहुंच कर बिजली के खंभे व लाइन ठीक कराने की बात कह रहे हैं।
तीन गांव के करीब 75 किसान प्रभावित
आग लगने से भर्रापुर, अधासी, जुआं के करीब 75 किसान प्रभावित हुए है। इनमें से कई किसान ऐसे थे, जो अग्निकांड के वक्त गांव में नहीं थे। लेखपालों की टीम सभी खेत मालिकों का ब्योरा जुटा कर आकलन करने में जुटी है। वहीं जिन लोगों ने बलकट जमीनें ले रखी हैं, उनके भी नाम पते दर्ज किए गए हैं।
आग लगने की जानकारी पर पहुंचे डीएम, एसपी व विधायक। संवाद- फोटो : AURAIYA