फोटो-24- डाउन महानंदा एक्सप्रेस के रुकने पर यात्रियों की भीड़। संवाद
दिबियापुर। फफूंद स्टेशन पर रविवार को गोविंदपुरी से अलीगढ़ जाने वाली सुपरफास्ट पैसेंजर रद्द रहने और कई ट्रेनें लेट होने से यात्री परेशान रहे। यात्रियों को घंटों प्लेटफार्म पर बैठकर ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा।
दोपहर में महानंदा एक्सप्रेस स्टेशन पर रुकी तो यात्री उसमें सवार होने को धक्का-मुक्की करने लगे। इस दौरान ट्रेन में भीड़ होने से कई यात्रियों को चढ़ने का मौका नहीं मिला और उन्हें नेताजी एक्सप्रेस से कानपुर तक जाना पड़ा। यात्री मनोज व सियाराम ने बताया कि दो अप्रैल से दो एक्सप्रेस ट्रेनों का रूट बदलने से पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों में भीड़ होने लगी है।
उधर, अप महानंदा एक्सप्रेस ढाई घंटे, नेताजी एक्सप्रेस आधा घंटे, कानपुर की ओर जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस सवा दो घंटे, नेताजी एक्सप्रेस दो घंटे व महानंदा एक्सप्रेस पौन घंटे लेट होने से यात्री परेशान रहे। (संवाद)