दिबियापुर। आगरा-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस और शताब्दी एक्सप्रेस के रूट में 13 मई तक मेगा ट्रैफिक ब्लॉक के चलते डायवर्जन किया गया है। इसे आगरा वाया शाहजहांपुर से लखनऊ से संचालित किया जा रहा है। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेलवे ने आठ अप्रैल से इस ट्रेन को आगरा से टूंडला-इटावा के रास्ते कानपुर सेंट्रल तक चलाने का निर्णय लिया है।
यह ट्रेन आगरा से कानपुर सेंट्रल तक ही चलेगी और वहीं से वापस आ जाएगी। कानपुर से लखनऊ के बीच यह ट्रेन रद्द रहेगी। यह व्यवस्था 13 मई तक प्रभावी रहेगी। फफूंद रेलवे स्टेशन पूछताछ कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक आगरा-लखनऊ इंटरसिटी अब आगरा से कासगंज-शाहजहांपुर होकर लखनऊ मार्ग से संचालित की जा रही है।
इससे शाम को अप ट्रैक पर आगरा जाने वाली ट्रेन का संचालन समय से नहीं हो पा रहा है। यह ट्रेन बदलाव रूट से सिर्फ सात अप्रैल तक चलेगी। आठ अप्रैल से ट्रेन अपने पुराने रूट से चलेगी लेकिन कानपुर सेंट्रल तक ही संचालित होगी।
स्टेशन अधीक्षक राजू दास रंजन ने यात्रियों से अपील की कि यात्रा से पहले समय, ठहराव और अन्य जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट या एनटीईएस एप से जानकारी कर लें। (संवाद)