औरैया। अधिवक्ता के साथ अभद्रता करने के मामले में पुलिस कर्मी पर कार्रवाई न होने और स्टैंड संचालक पर रिपोर्ट दर्ज होने से नाराज से जिला बार एसोसिएशन का गुस्सा फूट गया।
पदाधिकारियों ने बिलराया- पनवाड़ी मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। जाम की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने वाहनों को अन्य मार्गों से निकाला। अपर पुलिस अधीक्षक व बार एसोसिएशन के अध्यक्ष की बैठक में मिले कार्रवाई के आश्वासन के बाद पदाधिकारी शांत हुए।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव चतुर्वेदी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने बुधवार सुबह बिलराया-पनवाड़ी राज्यमार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। अधिवक्ताओं में रोष को देखते हुए सीओ सदर अशोक कुमार सिंह, सदर कोतवाल ललितेश त्रिपाठी, अजीतमल कोतवाल राजकुमार सिंह ने अधिवक्ताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन अधिवक्ता पुलिस कर्मी पर कार्रवाई की बात पर अड़े रहे।
इधर, जाम की स्थिति देखते हुए पुलिस वाहनों को दिबियापुर बाईपास से रास्ते निकलवाती रही। अध्यक्ष संजीव चतुर्वेदी ने बताया कि उमरसाना निवासी अधिवक्ता प्रशांत मिश्रा 14 अप्रैल को जरूरी काम से औरैया आए थे। सुभाष चौक पर लोगों की भीड़ होने के चलते उन्होंने सड़क किनारे अपने वाहन को खड़ा कर दिया था। तभी वहां पहुंचे एक पुलिस कर्मी ने उनके साथ अभद्रता की। मामले में तहरीर देने के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई।
वहीं 10 अप्रैल को कचहरी के बाहर से सहायल थाना के ताजपुर छौंक निवासी मानसिंह की बाइक चोरी हो गई थी। इस मामले में सदर कोतवाली पुलिस ने बेवजह अधिवक्ताओं के वाहन पार्किंग की व्यवस्था देख रहे अंजु शुक्ला के खिलाफ 15 अप्रैल को बाइक गायब करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
उधर, जाम लगाए अधिवक्ताओं के सड़क से न हटने पर दोपहर दो बजे के करीब एएसपी आलोक मिश्रा कचहरी पहुंचे। उन्होंने बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के साथ बैठक कर अधिवक्ताओं को मनाया। इसके बाद अधिवक्ता सड़क से हटे। अध्यक्ष संजीव ने बताया कि एएसपी ने अंजु शुक्ला पर दर्ज मामले को अज्ञात में बदलने व अधिवक्ता से अभद्रता के मामले में जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
इस दौरान अधिवक्ता सुरेश मिश्रा, अनुराग त्रिपाठी, शिवम शर्मा, रवि तोमर, शशांक त्रिपाठी, अजय पाल, इंद्रपाल सिंह भदौरिया, अशोक अवस्थी, विमल पांडेय, त्रिलोकी अवस्थी सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।