जिला स्तरीय तहसील दिवस में शिकायतें सुनते डीएम के.बालाजी व एसपी रामकिशोर।
- फोटो : अमर उजाला
गुरुवार को बिधूना तहसील सभागार में तहसील दिवस पर डीएम व एसपी ने फरियादें सुनीं। इस मौके पर 208 शिकायतों में से तीन का मौके पर निस्तारण किया जा सका। डीएम ने तहसील दिवस की शिकायतों को तय समय में निस्तारित क रने के आदेश दिए।
डीएम के. बालाजी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में शिथिलता पाए जाने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। हर पीड़ित को न्याय दिलाया जाए। इस दौरान किशनलाल पुत्र छेदालाल निवासी रठगांव ने हैंडपंप सही कराने, शकील अहमद पुत्र खलीम अहमद निवासी याकूबपुर ने विकलांग प्रमाण पत्र बनाए जाने संबंधी प्रार्थना पत्र दिया। इस दौरान एसडीएम ब्रजकिशोर, सीओ सुभाष अत्री, तहसीलदार अजीत यादव, नायब तहसीलदार संध्या शर्मा, नायब तहसीलदार अनिल कुमार के अलावा सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
अजीतमल प्रतिनिधि के अनुसार अजीतमल में हुए तहसील दिवस में एसडीएम अमित कुमार राठौर ने शिकायतें सुनीं। यहां शाहपुर बेंदी निवासी अखिलेश कुमार पुत्र गिरेंद्र कुमार ने दबंगों के खिलाफ मेड़ तोड़े जाने की शिकायत की। हजारीपुर निवासी जितेंद्र ने चकरोड पर कब्जे की शिकायत की। अमिलिया निवासी मनोज कुमार पुत्र राधेश्याम ने सरकारी हैंडपंप ठीक कराने, पटेलनगर की रानी देवी ने पेंशन दिलाए जाने की मांग की।
वहीं सिकरौड़ी की सक्करवती ने आवास दिलाने की मांग की है। इस मौके पर नायब तहसीलदार वंदना कुशवाहा, खाद्य विभाग से सुनील कुमार, नगर पंचायत से नरेंद्र कुमार, सुरेश कुमार आदि लोग मौजूद रहे।
औरैया में तहसील स्तरीय तहसील दिवस में सदर तहसीलदार प्रेमनारायण प्रजापति ने शिकायतों को सुना। इस दौरान 74 शिकायतों में मात्र तीन का ही मौके पर निस्तारण हो सका। तहसीलदार प्रेमनारायण प्रजापति ने सभी मातहतों को शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में निस्तारित करने के निर्देश दिए।