औरैया। जिले में यातायात विभाग की चेतावनी के बाद भी डग्गामार वाहनों के फर्राटा भरने का खेल बदस्तूर जारी है। इसको लेकर गुरुवार को यातायात पुलिस ने सख्त चेकिंग अभियान चलाया। जिसमें एक प्राइवेट बस व एक ऑटो को सीज करने की कार्रवाई की।
बिना परमिट के जिले में फर्राटा भर रहे वाहनों के कारण रोडवेज विभाग को प्रति माह लाखों रुपये का नुकसान झेलना पड़ रहा है। बावजूद इसके परिवहन विभाग के अधिकारी इस तरफ सख्ती से निगेहबानी नहीं कर रहे हैं। गुरुवार को यातायात प्रभारी देवेंद्र शर्मा ने अपनी टीम के साथ जालौन रोड पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। जिसमें डग्गामारी करती दिखी एक प्राइवेट बस व एक ऑटो को सीज कर दिया। इस संबंध में टीएसआई ने बताया कि सीज की गई डग्गामारी करने वाली प्राइवेट बस के स्टॉफ से चेकिंग के दौरान शहर में वाहन संचालित करने संबंधी परमिट दिखाए जाने को कहा। लेकिन स्टॉफ की ओर से कोई भी कागजात नहीं दिखाए गए।
इसी तरह से जालौन जिले में पंजीकृत एक ऑटो भी बिना परमिट के मिला। दोनों वाहनों को सीज कर दिया गया है। यातायात पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध तरीके से जिले में वाहन संचालित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।