सहायल (औरैया)। सहार ब्लाक के गांव कचरला स्थित गोशाला का रविवार को खंड विकास अधिकारी ने निरीक्षण किया। इस दौरान गंदगी के साथ कई खामियां मिलने पर नाराजगी जताई। खामियों को जल्द दूर कराने के लिए प्रधान व सचिव को निर्देश दिया। साथ ही भूसा रखने के लिए स्टोर बनवाने का भी निर्देश दिया। मालूम हो कि पांच जुलाई को अमर उजाला ने गोशाला की अव्यवस्था को लेकर प्रमुखता से खबर छापी थी। खबर छपने के बाद रविवार को यह कार्रवाई हुई है।
खंड विकास अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव रविवार की सुबह गोशाला पहुंचे। निरीक्षण के दौरान खामियां देख ग्राम प्रधान श्याम सिंह व पंचायत अधिकारी शिवरतन पाल को सुधारने के निर्देश दिए। गोशाला में भूसा रखने को जल्द स्टोर बनवाने के लिए भी कहा। गोशाला में फैली गंदगी को साफ करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि गोशाला में तीन सौ गोवंश हैं। एक सप्ताह पहले हुई बारिश से खुले में रखा भूसा भीगने से सड़ गया था। गोशाला की देखरेख कर्मियों द्वारा गेट के बाहर से होती है। लिहाजा, परिसर में कीचड़ व गंदगी फैली है। सड़ा भूसा व मक्का की कर्वी मवेशी खा नहीं रहे हैं। भूख-प्यास से तड़प-तड़पकर आए दिन मवेशियों की मौत हो रही है। इसके बाद उन्हें वहीं दफन कर दिया जाता है। शिकायत करने के बाद भी अधिकारी नहीं सुन रहे हैं। ग्रामीणों ने कई गोवंश बीमार होने की जानकारी दी। हैं। इस पर खंड विकास अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव ने ग्रामीणों को गोशाला में व्याप्त खामियों को दूर कराने का आश्वासन दिया।