अछल्दा (औरैया)। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के मडै़या बिकूपुर निवासी किशोर की अछल्दा क्षेत्र में बीरपुर गांव के पास ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। किशोर के पास मिले मोबाइल से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। फोरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बिधूना कोतवाली क्षेत्र के मडै़या बिकूपुर निवासी अमन कुमार (17) पुत्र अखिलेश कुमार दोहरे रविवार सुबह परिजनों को बिना बताए घर से चले गए थे। दोपहर उसके परिजनों के पास आए फोन से हड़कंप मच गया। पुलिस ने मृतक के ट्रेन की चपेट में आने से मौत की सूचना दी। सूचना पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक के पिता अखिलेश ने उसकी पहचान की। पुलिस ने बताया कि किशोर का शव अछल्दा स्टेशन बीरपुर गांव के पास ट्रैक पर मिला है।
उसके किसी ट्रेन की चपेट में आकर मौत होने की आशंका व्यक्त की है। जानकारी मिलने पर अछल्दा थाने के दरोगा हितेश कुमार मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया कि मृतक के परिजनों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। किशोर का पिता मजदूरी कर परिवार का भरणपोषण करते हैं। मृतक का बड़ा भाई विपिन फरीदाबाद में किसी प्राइवेट फैक्टरी में मजदूरी करता है।