औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के भाऊपुर के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसे सैफई रेफर कर दिया गया। घायल बाइक चालक युवक हेलमेट नहीं लगाए था।
अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोटला फिरोजनगर निवासी इम्तियाज उर्फ लल्ला (35) गांव के ही अपने एक परिचित ट्रक क्लीनर अनवार (50) के साथ बाइक से अजीतमल से कानपुर देहात के सिकंदरा की ओर जा रहा था। भाऊपुर के पास पहुंचते ही अचानक बाइक बेकाबू होकर सड़क के किनारे बने डिवाइडर से टकरा गई। बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए।
आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच दोनों को 50 शैया अस्पताल पहुंचाया वहां डॉक्टरों ने अनवार को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर अधेड़ के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कोतवाली प्रभारी संतोष अवस्थी ने बताया कि घायल कुछ बता नहीं सका है। उसके होश में आने पर पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।