बिधूना। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर घसारा रेलवे स्टेशन के पास सोमवार सुबह रेलवे लाइन पार करने के दौरान एक युवक महानंदा एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इसके चलते घटनास्थल पर ट्रेन करीब 10 मिनट तक खड़ी रही। अछल्दा थाना के किल्लामपुर निवासी महेश चंद्र (24) पुत्र रविंद्र सिंह सोमवार सुबह किसी काम से रेलवे लाइन पार कर रहा था।
डाउन लाइन के खंभा नंबर 1123/18 के पास वह दिल्ली से कानपुर की ओर जा रही महानंदा एक्सप्रेस की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोककर घटना की जानकारी घसारा स्टेशन मास्टर को दी।
रेलवे कर्मियों ने इंजन की जांच कर ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना कर दिया। इस दौरान ट्रेन 10 मिनट तक खड़ी रही। मौके पर पहुंचे इटैली चौकी प्रभारी हेमंत चौधरी ने घटना स्थल पर छानबीन कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। अनहोनी पर मृतक की पत्नी संगीता देवी, बेटा कृष्णा व दीपक रोने लगे।
अछल्दा थानाध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।