औरैया। जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। तीनों जगह कुल 282 शिकायतें आईं। इनमें से सिर्फ 28 का निस्तारण किया गया। 254 फरियादी फिर आश्वासन भरोसे लौट गए। बिधूना में एक फरियादी ने लेखपाल पर रुपये मांगने का आरोप लगाया। वहीं आवास के लिए किस्त मिलने के बाद अपात्र घोषित करने जैसी शिकायतें भी आईं।
अजीतमल तहसील में जिलाधिकारी सुनील कुमार वर्मा के सामने 88 फरियादियों ने समस्या बताई। इनमें से तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। डीएम ने कहा कि फरियादियों को कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उनकी समस्या का मौके पर जाकर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बिधूना तहसील में एडीएम रेखा एस चौहान की मौजूदगी में शिकायतें सुनी र्गइं।
यहां आए सिपाही लाल निवासी रायपुर कैथावा ने भूमि को संक्रमणीय दर्ज कराने के लिए लेखपाल पर 20 हजार रुपये मांगने का आरोप लगा शिकायत की। एडीएम ने मामले में जांच की बात कही है। वहीं सुरजपुर निवासी फूलवती ने बताया कि उसे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 50 हजार की एक किस्त मिली। इसके बाद राजस्व निरीक्षक ने उसे अपात्र घोषित कर दिया। कुल 124 लोगों ने शिकायतें दर्ज कराईं। जिसमें 22 का अधिकारियों ने मौके पर निस्तारण करा दिया। अपर पुलिस अधीक्षक शिष्यपाल, उपजिलाधिकारी राशिद अली, तहसीलदार करम सिंह, क्षेत्राधिकारी मुकेश प्रताप सिंह मौजूद रहे। सदर तहसील में एसडीएम रमेश चंद्र यादव ने शिकायतें सुनीं। यहां 70 शिकायतों में तीन का मौके पर निस्तारण किया गया।