फफूंद। मिश्रीपुर गांव में रक्षाबंधन के दिन डीपी फुंकने से एक मोहल्ले के करीब 20 घरों की बिजली आपूर्ति ठप है। शिकायत पर भी अभी तक डीपी नहीं बदली गई है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्राम पंचायत दौलतपुर के गांव मिश्रीपुर की आबादी लगभग पांच सौ है। गांव में औरैया द्वितीय कखावतू विद्युत सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति की जाती है।
गांव निवासी शिव सिंह चौहान, पप्पू चौहान, दीपू चौहान, शिवम चौहान, टिल्लू राठौर, सुखवीर सिंह, विद्याराम राठौर व सुरजन सिंह ने बताया कि विद्युत आपूर्ति के लिए अलग -अलग स्थानों पर तीन डीपी लगी हैं।
रक्षाबंधन को उनके मोहल्ले की डीपी फुंक गई थी। इससे मोहल्ले के 20 घरों की आपूर्ति ठप हो गई। उन्होंने बताया कि डीपी बदलने के लिए सब स्टेशन पर शिकायती पत्र दिया, लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी डीपी नहीं बदली है।
अवर अभियंता सुभाष यादव ने बताया कि नए ट्रांसफार्मर के लिए कार्यालय में डिमांड भेजी गई थी। ट्रांसफार्मर नहीं मिल पाया है। ऐसे में बिजली बहाल नहीं कर पा रहे हैं।