संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। आंगनबाड़ी केंद्रों के बाद बीहड़ के 20 परिषदीय स्कूलों को खनन राजस्व से हाईटेक किया जाएगा। बीएसए के प्रस्ताव को डीएम व खनन अधिकारी ने मंजूरी दी है। मामले में बुधवार को बीएसए ने बीहड़ क्षेत्र के बीजलपुर समेत कई परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण करते हुए संसाधनों के शुभारंभ की तैयारी शुरू की है।
गुरुवार को चिह्नित हुए बीहड़ के स्कूलों में एलईडी स्क्रीन से लेकर कई व्यवस्थाओं को लगाया जाएगा। इससे बच्चों के शिक्षण को हाईटेक आयाम मिलेंगा। पिछले दिनों 20 आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प को लेकर खनन विभाग के राजस्व को खपाने की मंजूरी दी गई थी। अब इस कड़ी में बेसिक के स्कूलों को संवारा जाएगा।
खनन क्षेत्र बीजलपुर के आसपास के क्षेत्र के 20 स्कूलों को इसके लिए चिह्नित किया गया है। खनन के 38 लाख रुपये से इन स्कूलों में बेहतर शिक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए जाएंगे। मामले को लेकर बुधवार दोपहर स्थलीय निरीक्षण भी किया गया। जिले में जिलाधिकारी नेहा प्रकाश के नेतृत्व में बीहड़ क्षेत्र में विकास को लेकर ली जा रही सुध से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। पहली बार खनन विभाग के राजस्व से कार्य हो रहे हैं।
बीएसए अनिल कुमार ने बताया कि खनन राजस्व के 38 लाख रुपये से बीहड़ के 20 स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था के हाईटेक इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। गुरुवार को इसका शुभारंभ भी कर दिया जाएगा।