औरैया। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए चलाए जा रहे सीरो सर्वे अभियान की शनिवार से शुरुआत हुई। जिले में पहले दिन 10 टीमों ने 11 स्थानों पर पहुंच कर 264 लोगों के सैंपल लिए। सभी के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। इसमेेें यह पता लगाया जाएगा कि व्यक्ति में कितनी एंटीबॉडी बनी है। सर्वे के माध्यम से यह पता लगाया जाएगा कि किस क्षेत्र में कोरोना का कितना संक्रमण फैला और आबादी का कितना हिस्सा संक्रमित हुआ। यही नहीं, इससे यह भी सामने आएगा कि कितने लोगों में कोरोना से लड़ने के लिए एंटीबॉडी बन चुकी है। सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को अभियान की शुरुआत की गई है।
सर्वे में पहले दिन 10 टीमें लगाई गई थी। इसमें डॉक्टर, स्वास्थ्य कर्मी, एएनएम, एलटी सहित अन्य लोग शामिल थे। प्रत्येक टीम के 24-24 सैंपल लेने थे। जिसमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं।
शनिवार को अजीतमल ब्लॉक के धनकर, सतहड़ी, भीखेपुर, बिधूना ब्लॉक के नवादा मलखान, अछल्दा ब्लॉक के घाघरपुर, भाग्य नगर ब्लॉक के लखनपुर, बिलरई, औरैया के दिवाकरपुर, दयालनगर, एरवा कटरा ब्लॉक के मकरंदपुर, सहार के इगुरा में सैंपलिंग की गई है। सभी के सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे।
तीन कोरोना संक्रमित मिले, 11 हुए ठीक
संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। जिले में शनिवार को कोरोना से कोई मौत नहीं हुई। तीन व्यक्ति संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने टीकाकरण और कोरोना जांच पर जोर दिया है।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि तीसरी लहर से निपटने की तैयारियां की जा रहीं हैं। बाहर से आने व संक्रमित मिलने वाले लोगों के संपर्क में आए लोगों की नियमित जांच की जा रही है। शनिवार को तीन संक्रमित मिले हैं। जबकि 11 लोग ठीक होकर घर पहुंच गए। अब संक्रमित मरीजों की संख्या 10165 और एक्टिव केस 38 बचे हैं।