फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरात पर हमला: महिलाओं-बच्चों में चीख पुकार, भगदड़ मची.... लोग बोले- हम चिल्ला रहे थे और वो मार रहे थे

Sun, 02 Mar 2025 10:35 AM IST
मोहम्मद मुस्तकीम अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ

सार

सरधना के गांव कालंदी में अनुसूचित जाति के लोगों की बरात पर हमला कर दिया गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 
विज्ञापन
रोते हुए घटना की जानकारी देते दूल्हे की बहन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सरधना में ठाकुर चौबीसी के कालंदी गांव में शनिवार को बरात पर हमला होते ही महिला और बच्चों में चीखपुकार मच गई। जान बचाने के लिए बरातियों में भगदड़ मच गई। पीड़ितों ने बताया कि आरोपी लगातार जातिसूचक शब्द कहकर गाली-गलौज करते रहे। उन्होंने राजपूत समाज के आरोपियों पर हमले का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना कि स्कॉर्पियो की खिड़की खोलने के दौरान एक बराती को लगने के बाद विवाद हुआ। पुलिस ने चार आरोपियों पर बीएनएस और एससीएसटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपी अक्षय को पुलिस तलाश कर रही है।
विज्ञापन

मुजफ्फरनगर के भोकरहेड़ी निवासी संजू की बरात कालंदी गांव में शनिवार सुबह 11 बजे पहुंच गई थी। चढ़त का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार युवकों से बरातियों का विवाद हो गया। मारपीट हुई तो गाड़ी में सवार युवकों ने फोन करके गांव से अपने समाज के अन्य युवकों को बुला लिया। लाठी-डंडों से बरातियों पर हमला हुआ। दूल्हा संजू, उनकी बहन मंजू और भाई सहित आठ लोग घायल हो गए। करीब तीन मिनट तक आरोपियों ने तांडव मचाया। बरातियों ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
 

दौड़ाकर पीटा, जूते उतरे तो किसी के कपड़े फटे
बरातियों को आरोपियों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। किसी के जूते छूट गए तो किसी बराती के कपड़े फट गए। महिला और बच्चों में दहशत का माहौल हो गया। सरधना थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में चढ़त हुई और शादी का सारा कार्यक्रम संपन्न हुआ।
 

पुलिस की मौजूदगी में भी दहशतजदा थे बराती
हमले के बाद सभी बराती दहशत में थे। चढ़त के दौरान किसी की डांस करने की भी हिम्मत नहीं हो रही थी। पुलिस ने हौसला दिया तो दूल्हे के भाई ने डांस शुरू किया तो अन्य बरातियों ने भी नाचना शुरू किया। महिलाओं के चेहरे पर डर दिख रहा था। महिलाएं हिदायत दे रही थीं कि दूल्हे के साथ रहकर स्वयं रक्षा करो। उधर, पुलिस के समझाने के बावजूद करीब बीस बरातियों ने गांव में जाने से मना कर दिया। वह अपने गांव लौट गए।
 

डेढ़ माह पहले भी शादी में दलितों से हुई थी मारपीट
गांव कालंदी निवासी चन्द्रपाल के परिवार में डेढ़ माह पहले शादी के दौरान आरोपियों ने उसके घर में घुसकर मारपीट की थी। कई लोग घायल हो गए थे। दो जातियों के बीच इस तरह के टकराव से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पीड़ितों ने एसएसपी से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन

ये है मामला
मुजफ्फनगर के भोकरहेड़ी से सरधना के ठाकुर चौबीसी के कालंदी गांव में आई बरात पर शनिवार दोपहर 10-12 युवकों ने हमला कर दिया। इसमें दूल्हा संजू, उसकी बहन मंजू और भाई गोविंद सहित आठ लोग घायल हो गए। जातीय संघर्ष की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने केस दर्ज कर तीन आरोपी सचिन उर्फ काला, छोटू उर्फ निशांत और तरुण निवासी कालंदी को गिरफ्तार कर लिया।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें