लखनऊ स्थित मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में एक वहशी इंसान ने भतीजी को टॉफी दिलाने के बहाने अपनी छत पर ले जाकर दुराचार किया।
धक्का देकर भाग गया
किशोरी की चीख-पुकार सुनकर घरवाले दौड़े, लेकिन आरोपी सबको धक्का देकर भाग निकला। घरवालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा है।
टॉफी के बहाने ले गया छत पर
मोहनलालगंज क्षेत्र निवासी एक किसान की बेटी रात आठ बजे घर के बाहर खेल रही थी। पहले से घात लगाए बैठे चचेरे चाचा दिलीप उसे टॉफी दिलाने के बहाने अपनी छत पर ले गया और उसके साथ दुराचार किया।
नहीं रुक रही छेड़खानी
भले ही सरकार ऐसे मामलों पर रोक लगाने की कोशिश कर रही हो, लेकिन न बलात्कार और दुराचार रुक पा रहे हैं और न ही लड़कियों से छेड़खानी पर ही अंकुश लग रहा है।
सरेराह की गुंडागर्दी
बाजार खाला के मेंहदीगंज निवासी एक युवती रोजाना की तरह शुक्रवार रात राजाजीपुरम टैंपो स्टैंड के पास स्थित कंप्यूटर सेंटर से पैदल घर लौट रही थी। रास्ते में एक गेस्टहाउस के पास प्रभात उर्फ पप्पू नामक युवक ने उससे छेड़खानी शुरू कर दी।
लड़की ने विरोध किया तो, पप्पू ने छात्रा का बैग छीनकर फेंक दिया। इतना ही नहीं, हाथ पकड़कर उसे बाइक पर बैठाने लगा। छात्रा ने शोर मचाने के साथ पुलिस कंट्रोल रूम फोन कर दिया। इस पर शोहदा भाग निकला।
तो क्या बेकार है 1090?
मौके पर पहुंची तालकटोरा व बाजार खाला पुलिस के बीच सीमाविवाद होते देख छात्रा ने उच्चाधिकारियों को फोन किया। टिकैतगंज चौकी में उसकी तहरीर ले ली गई।
छात्रा ने बताया कि शोहदा आए दिन उसे तंग करता रहता था। वह दो बार 1090 डॉयल करके वूमेन पॉवर लाइन में शिकायत कर चुकी है। ठोस कार्रवाई न होने से शोहदे का हौसला बढ़ गया।