अमरोहा। देहात क्षेत्र के गांव अल्यालपुर का बताकर सोशल मीडिया पर युवक का अवैध तमंचा-पिस्टल के साथ डांस करते हुए वीडियो वायरल किया गया है। वीडियो में युवक एक हाथ में तमंचा और दूसरे हाथ में पिस्टल जैसी दिखने वाली वस्तु लेकर फिल्मी गानों पर डांस करता नजर आ रहा है। हथियारों के खुलेआम प्रदर्शन का यह वीडियो सामने आने के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
वायरल वीडियो अमरोहा देहात की नन्हेड़ा चौकी क्षेत्र के गांव अल्यालपुर का बताया गया था। वीडियो बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी। सीओ सिटी अवधभान सिंह भदौरिया ने बताया कि पुलिस टीम युवक के घर भेजी गई थी, लेकिन जानकारी मिली कि वह काफी समय से गांव में नहीं रह रहा है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वायरल वीडियो अमरोहा जिले का नहीं, बल्कि जिले के बाहर का है। उन्होंने कहा कि मामले में तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। संवाद