महिला की मौत के बाद निजी अस्पताल के बाहर हंगामा करते लोगों को समझाते विधायक और मौजूद पुलिस।
- फोटो : HASANPUR
अमरोहा। प्रसव के बाद महिला की मौत से गुस्साए परिजनों ने निजी अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। पुलिस एवं विधायक ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया। वहीं, मृतका के परिजन देर रात तक कार्रवाई की मांग को लेकर लोग खाने पर डटे रहे।
रहरा थाना क्षेत्र के गांव खुशहालपुर निवासी कन्हैया ने पत्नी मालवती (25) को प्रसव पीड़ा होने पर रहरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां से उसे हसनपुर के एक निजी अस्पताल लाया गया। जहां ऑपरेशन कर महिला का प्रसव कराया गया। इसके बाद बच्चे की हालत खराब होने पर उसे दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया जबकि महिला को उसी अस्पताल में रहने दिया। प्रसव के बाद महिला की हालत खराब हो गई। शुक्रवार शाम को हालत में सुधार नहीं होने पर महिला को रेफर कर दिया गया। मेरठ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। देर रात नाराज परिजन एंबुलेंस में शव लेकर वापस निजी अस्पताल पर पहुंचे और उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते अस्पताल के बाहर हंगामा किया। आरोप लगाया कि अप्रशिक्षित चिकित्सक ने महिला को गलत तरीके से ब्लड चढ़ाया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई। सैकड़ों लोगों की भीड़ अस्पताल के बाहर जमा हो गई। नाराज लोगों ने रहरा मार्ग पर जाम लगाने की कोशिश की। विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी और पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। देर रात तक थाने में कार्रवाई की मांग को लेकर लोग डटे रहे। कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर मामला शांत हुआ। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर का कहना है कि अभी कोई तहरीर नहीं प्राप्त हुई है।
हसनपुर के निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत की घटना का मामला संज्ञान में आया है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर अस्पताल को सील कराया जाएगा। संजय अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अमरोहा