मंडी धनौरा। ऑनलाइन सामान मंगाने पर साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति के खाते से एक लाख रुपये की धनराशि साफ कर दी। एक लाख रुपये की धनराशि खाते से कटने की जानकारी मिलने पर बुजुर्ग के होश उड़ गए। उसके पुत्र ने थाने में धोखाधड़ी की शिकायत की है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नगर के मोहल्ला शिवपुरी निवासी आशीष सक्सेना के पास 14 अप्रैल को एक पार्सल के संबंध में काल आई। उसने ऑनलाइन कोई सामान मंगाया था। फोन करने वाले ने पार्सल की प्राप्ति की पुष्टि के लिए आशीष से पांच रुपये अपने नंबर पर ट्रांसफर कराए। एक मैसेज आने पर आशीष ने वह मैसेज फोनकर्ता को फारवर्ड कर दिया। मैसेज फारवर्ड करने के कुछ देर बाद ही उसके खाते से 34,00 रुपये निकल गए। आशीष का मोबाइल नंबर उसके पिता के बैंक के खाते से भी लिंक है। उनके खाते से दो बार में एक लाख रुपये की धनराशि कटने का मैसेज आया तो उसके पांव तले जमीन खिसक गई। आशीष ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक से मिलकर घटना की जानकारी दी। आशीष ने साइबर ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।