अमरोहा। निजी स्कूल में पढ़ाने वाली शिक्षिका गैर वर्ग के युवक के साथ चली गई। परिजनों ने धर्मांतरण का आरोप लगाया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले का है। मूलरूप से नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के रहने वाला एक परिवार अमरोहा में किराए पर रहता है। इस परिवार की 30 वर्षीय बेटी मुरादाबाद स्थित एक कान्वेंट स्कूल में शिक्षिका थी। रोजाना घर से पढ़ाने जाती थी। 10 सितंबर 2021 को वह स्कूल से घर नहीं लौटी। परिजनों ने उसे काफी तलाश किया। इस दौरान पता चला कि गजरौला में रहने वाला गैर वर्ग का युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों को यह भी बताया गया कि युवक ने लड़की का धर्म परिवर्तन भी करा दिया है। लड़की की मां ने बेटी का अपहरण कर उसका धर्मांतरण कराए जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। सीओ विजय कुमार राणा ने बताया कि शिक्षिका की मां की तहरीर पर आरोपी निसार के खिलाफ अपहरण की एफआईआर दर्ज कर ली है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर शिक्षिका को बरामद कर लिया जाएगा। शिक्षिका के बयान के आधार पर ही केस की जांच की दिशा तय की जाएगी।