गजरौला के गांव ख्यालीपुर में बदमाशों द्वारा ले जाई गई सेफ दिखाते राहुल वर्मा।
- फोटो : GAJRAULA
गजरौला(अमरोहा)। बुधवार रात हाईवे किनारे गांव ख्यालीपुर ढाल में स्थित सराफ की दुकान के ताले बदमाशों ने तोड़ लिए और जेवर से भरी छोटी अलमारी लेकर भाग निकले। ग्रामीणों ने पीछा किया तो उन पर पथराव कर दिया और खुद को घिरा देख अलमारी वहीं रास्ते में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है। वारदात से कुछ समय पहले भी बदमाशों ने दुकान के ताले तोड़कर चोरी का असफल प्रयास किया था।
नगर के मोहल्ला लक्ष्मी नगर निवासी कांग्रेस नेता अशोक वर्मा के पुत्र युवा कांग्रेस के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष राहुल वर्मा की गांव ख्यालीपुर ढाल में जूते और ज्वैलरी की दुकानें हैं। बताते हैं कि बुधवार रात ढाई बजे वहां आए बदमाशों ने दुकान के ताले तोड़ लिए। आहट होने पर पड़ोसी खेमचंद ने शोर मचा दिया तो वे भाग निकले। इसी दौरान वहां आए दुकान मालिक पूर्व प्रधान चंद्र किरन ने इसकी सूचना गजरौला में अशोक वर्मा को दी और वहां नए ताले लगा दिए। एक घंटे बाद लगभग साढ़े तीन बजे पांच बदमाश फिर से वहां आ धमके और ताले तोड़कर 95 हजार के चांदी के जेवर और छोटी सेफ लेकर भाग निकले। फिर से जाग होने पर ग्रामीण भी उनके पीछे हो लिए। इस पर बदमाशों ने उन पर पथराव भी किया और खुद को घिरा देख सेफ छोड़कर भाग निकले। जानकारी होने पर 112 पीआरवी और पुलिस मौके पर जा पहुंची। देर शाम पुलिस फिर से गांव पहुंची और पड़ताल की। इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है।