गांव दढ़ियाल में मंगलवार सुबह गन्ने की फसल की सिंचाई कर रहे किसान पर हाईटेंशन लाइन का जर्जर तार टूटकर गिर गया। मौके पर ही किसान की मौत हो गई। करेंट से किसान की मौत पर ग्रामीण भड़क गए और मुआवजे की मांग को लेकर रहरा-गवां रोड पर जाम लगा दिया।
करीब साढ़े पांच घंटे तक जाम लगा रहा। इस दौरान पुलिस से ग्रामीणों की जमकर नोकझोंक हुई। करीब साढ़े दस बजे मौके पर पहुंचे एसडीएम द्वारा मुआवजा दिलाने के आश्वासन पर जाम खुलवाया जा सका।
गांव दढ़ियाल निवासी किसान जबर सिंह (50) पुत्र बदलू सोमवार की रात को खेत में लगे ट्यूबवेल से गन्ने की फसल की सिंचाई करने गया था। मंगलवार सुबह चार बजे बिजली चले जाने पर जबर सिंह क्यारी बदलने के लिए मेड़ पर चल रहा था। इस बीच अचानक बिजली आ गई और ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का जर्जर तार टूटकर जबर सिंह पर गिर गया। करेंट लगने से मौके पर ही जबर सिंह की मौत हो गई।
इस दौरान ट्यूबवेल की कोठरी में सो रहे जबर सिंह के भतीजे जितेंद्र पुत्र झंडू ने देखा तो होश उड़ गए। शोर मचाने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बिजलीघर फोनकर लाइन कटवाई गई। किसान की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जर्जर तार टूटने से हुई किसान की मौत से ग्रामीण भड़क गए और मुआवजे की मांग को लेकर सुबह करीब पांच बजे रहरा-गवां रोड पर गांव दढ़ियाल के सामने जाम लगा दिया।
जाम की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जाम खुलवाने का काफी प्रयास किया, लेकिन भीड़ नहीं मानी, इस दौरान पुलिस के साथ लोगों की जमकर नोकझोंक हुई। लगभग दस बजे एसडीएम अशोक मौर्य व सीओ ओमपाल सिंह मौके पर पहुंचे। सरकार की तरफ से मुआवजा दिलाने का आश्वासन देते हुए करीब साढ़े दस बजे जाम खुलवाया जा सका।
साढ़े पांच घंटे जाम से वाहनों की लगी लाइन
गंगेश्वरी(ब्यूरो)। हाईटेंशन लाइन का जर्जर तार टूटने से हुई दढ़ियाल निवासी किसान जबर सिंह की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने मुआवजे को लेकर रहरा-गवां रोड पर करीब सुबह पांच बजे जाम लगा दिया था। इस दौरान जाम से दूर-दूर तक वाहनों की लाइन लगी रही। करीब सुबह साढ़े दस बजे जाम खुलवाया जा सका।
जाम से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। दो पहिया और चार पहिया वाहनों में सवार बच्चों और महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रशासन की लापरवाही के चलते साढ़े पांच घंटे जाम लगा रहा। यदि मुआवजे का आश्वासन पहले ही दे दिया जाता, तो जाम से लोगों को इतनी देर तक जूझना ना पड़ता।