गजरौला(अमरोहा)। राहगीरों और जिला प्रशासन के लिए यह राहत भरी खबर है। ब्रजघाट गंगा पर बने पुराने पुल पर शनिवार देर शाम से वाहन फर्राटा भरने लगे। मरम्मत कार्य चलने के कारण पुल काफी समय से बंद था। जिसके चलते आए दिन जाम लग जाता था।
ब्रजघाट गंगा पर बना पुराना पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसकी मरम्मत कार्य के लिए काफी समय से पुल को बंद कर दिया गया था। ट्रैफिक नए पुल पर दौड़ता था। एक ही पुल पर यातायात आता जाता था। जिसकी वजह से जाम लग जाता था। जाम को खुलवाने में पसीने छूट जाते थे। लेकिन शनिवार को पुल का मरम्मत कार्य पूरा हो गया। देर शाम पुराने पुल पर वाहन दौड़ने लगे। ब्रजघाट चौकी इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि पुराने पुल पर वाहन दौड़ने लगे हैं। तिगरी मेले पर इस पुल पर ट्रैफिक दौड़ने से काफी राहत मिलेगी।