बसपा प्रमुख मायावती ने अमरोहा में कहा कि पार्टी ने 2019 में जिस व्यक्ति को चुनाव में जीताकर संसद भेजा उसने पार्टी का मान-सम्मान नहीं रखा। यहां के मौजूदा सांसद ने स्थानीय जनता के साथ विश्वासघात किया। इसी को देखते हुए इस बार पार्टी ने दूसरे प्रत्याशी को टिकट दिया।
रविवार को जोया रोड स्थित जोई के मैदान में जनसभा के दौरान मायावती ने कहा कि उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव में अकेले लड़ रही है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सांसद ने स्थानीय मुस्लिम समाज के साथ भी विश्वासघात किया है। लेकिन पार्टी ने उनके सम्मान में मुस्लिम उम्मीदवार को ही मैदान में उतारा है।
भीड़ को देखकर उन्हें विश्वास हो गया है कि इस बार भी अमरोहा से बसपा को ही जीत मिलेगी। आजादी के बाद दिल्ली की सत्ता कांग्रेस के ही हाथ रही। लेकिन गलत मानसिकता के कारण उसे सत्ता से बाहर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा की करनी और कथनी में भी बड़ा अंतर है।
इस चुनाव में भाजपा की गारंटी काम आने वाली नहीं है। अब जनता समझ चुकी है कि यह सब बातें हवा हवाई और कागजी गारंटी वाली है। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बड़े पूंजीपतियों को फायदा पहुंचा रही है। कई मामलों में उन्हें बचाने में लगी है।
कांग्रेस की तरह ही भाजपा भी देश की सरकारी एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रही है। आज देश का किसान परेशान है। जब-जब बसपा की प्रदेश में सरकार बनी है। तब हमने किसानों का विशेष ध्यान रखा। उनकी फसलों का उचित दाम दिया है।
आज गरीब, पिछड़े, दलितों, मुस्लिम को दरकिनार कर दिया गया है। उन तक योजनाएं नहीं पहुंच रही हैं। इसके अलावा आरक्षण का कोटा भी अधूरा रखा गया है। सरकारी काम लगातार प्राइवेट सेक्टर को दिया जा रहा है।
इस सरकार में दलितों और मुस्लिमों का लगातार शोषण किया जा रहा है। गरीब तबके की हालत ठीक नहीं है। मायावती ने कहा कि वर्तमान सरकार की गलत नीतियों के चलते मध्यम वर्ग के लोग भी दुखी और परेशान हैं। देश और प्रदेश में महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़ा है।
सभी विरोधी पार्टियां जीतने के लिए साम-दाम, दंड और भेद के तरीके आजमाने में लगी हैं। बसपा प्रमुख ने कहा कि अगर फिर सरकार बनाने का मौका मिलेगा तो विरोधी पार्टियों की तरह हवा हवाई काम नहीं किया जाएगा।
पिछले कई सालों से भाजपा सरकार फ्री में राशन दे रही है लेकिन जब चुनाव होता है तो भाजपा और आरएसएस के लोग गांव-गांव जाकर इसका कर्ज उतारने को कहते हैं। देश में लगातार महंगाई और बेरोजगारी बढ़ती जा रही है।
इससे जनता परेशान है। इन दिनों विरोधी पार्टियां कई प्रकार के लोकलुभावन घोषणा पत्र ला रहे हैं। लोगों को उनके चक्करों में नहीं पड़ना है। उन्होंने कहा कि बसपा को जिताकर काशीराम और डॉ. भीमराव आंबेडकर का अधूरा सपना पूरा करना है।