अमरोहा। स्कूल खुलने के साथ ही शैक्षिक गतिविधियों के साथ ही परीक्षाओं लिए भी तैयारियां शुरू हो गईं हैं। यूपी बोर्ड परीक्षा 2025 के लिए आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रवेश लेने के साथ ही छात्र-छात्राएं पांच अगस्त तक परीक्षा के लिए अपना आवेदन फॉर्म भर सकेंगे। बोर्ड द्वारा भी इस संबंध में दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
गर्मियों की छुट्टी के बाद एक जुलाई से शैक्षिक सत्र की शुरुआत हो गई है। इसके साथ ही माध्यमिक शिक्षा बोर्ड भी परीक्षा की तैयारी में जुट गया है। यूपी बोर्ड द्वारा परीक्षा के लिए आवेदन की तारीखों की घोषणा कर दी गई है। बोर्ड परीक्षा 2025 में शामिल होने के लिए हाईस्कूल के संस्थागत परीक्षार्थियों को 501 रुपये एवं व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए 706.50 रुपये शुल्क जमा होगा। इसी तरह इंटरमीडिएट के संस्थागत परीक्षार्थियों को 601 रुपये एवं व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए 806.50 रुपये शुल्क जमा करना होगा।
यह है परीक्षा कार्यक्रम
प्रवेश पंजीकरण की अंतिम तिथि - 5 अगस्त
संस्था द्वारा एकमुश्त चालान जमा करना - 10 अगस्त
शैक्षिक विवरण वेबसाइट पर अपलोड करना - 16 अगस्त
विलंब शुल्क के साथ एकमुश्त चालान जमा करना - 16 अगस्त
विलंब शुल्क के साथ शैक्षिक विवरण अपलोड करना - 20 अगस्त
अपलोड विवरण की चेक लिस्ट प्राप्त करना - 21 अगस्त से 31 अगस्त
जांच के बाद संशोधित विवरण को अपलोड करना - 01 सितंबर से 10 सितंबर
फोटो युक्त नामावली व कोषपत्र की प्रति डीआईओएस कार्यालय में जमा कराना - 30 सितंबर
कॉलेजों में प्रवेश के साथ परीक्षा फार्म के आवेदनों को भरने की प्रक्रिया चल रही है। सभी स्कूलों को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं।
- विष्णु प्रताप सिंह, डीआईओएस