अमरोहा में चाकू लगने से घायल दिलशाद।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। गाली-गलौज करने का विरोध करने पर युवकों ने राजमिस्त्री पर चाकू से हमला कर दिया। बचाव में आए भतीजों को भी लहूलुहान कर दिया। घटना में चाचा और भतीजे गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बिगड़ते हालात संभाले। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना में दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बड़ा दरबार की है। यहां पर राजमिस्त्री दिलशाद का परिवार रहता है। मंगलवार की रात करीब बारह बजे वह अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर में सो रहा था। तभी घर के बाहर शोर मचने नहीं लगा। तभी दिलशाद घर से बाहर निकला तो मोहल्ले का ही रहने वाला शाहरुख और पड़ोसी मोहल्ला नायाब टॉकीज निवासी आकिल आपस में गाली गलौज कर रहे थे। जैसे ही दिलशाद ने गाली गलौज करने से मना किया तो उन्होंने चाकू से हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर दिलशाद के भतीजे मोहम्मद सलीम और मोहम्मद अजीम बचाने के लिए भागे तो आरोपियों ने उनके ऊपर भी चाकू से बुरी तरह वार किए। घटना में चाचा और भतीजे लहूलुहान हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और एकत्र भीड़ पर लाठी फटकारकर खदेड़ दिया। बाद में घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने बताया कि दिलशाद की तहरीर पर आरोपी शाहरुख और आकिल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। कुछ दिन पहले भी मोहल्ला नल चौराहे पर छात्रों के दो गुटों में चाकूबाजी हुई थी। इस मामले में भी चार छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। जिसमें पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को जेल भेज दिया था।