अमरोहा। जिले में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में बेकाबू हो गई है। बुधवार को हसनपुर में कपड़ा व्यापारी की मौत हो गई। जबकि न्यायिक अधिकारी समेत 46 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। अब जिले में 386 केस एक्टिव हो गए हैं। संक्रमित इलाकों को बैरिकेडिंग कर सील कर दिया गया है। दो दिन में दो मौतों से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है।
सीएमओ सौभाग्य प्रकाश ने बताया कि को 571 आरटीपीसीआर सैंपलों की जांच रिपोर्ट आई थी। जिसमें 37 लोग संक्रमित मिले हैं। जबकि ट्रूनेट और एंटीजन से 892 लोगों की जांच कराई गई है। इसमें 9 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। तीनों जांचों में अमरोहा नगर के 14, गजरौला में 9, हसनपुर में 10, धनौरा में 7 और जोया में 6 लोग पॉजिटिव मिले हैं। संक्रमितों में न्यायिक अधिकारी, दो स्टाफ नर्स, दो मेडिकल संचालक, दो नगर पालिका कर्मचारी फैक्टरी कर्मचारी और पिता-पुत्र शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 339704 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इसमें 335923 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आ चुकी है। इसमें 330929 की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब तक कुल 56 लोगों की मौत हो चुुकी है। जिले में कुल 386 मरीज सक्रिय हैं। बुधवार को भी हसनपुर में 46 वर्षीय कपड़ा व्यापारी की मौत हुई है।