गजरौला। तिगरी गंगा मेले के लिए रोड बनाने में 40 फीट चौड़ा नाला अड़चन पैदा कर रहा है। इस नाले को सदर रोड, बाजार रोड और वीआईपी रोड क्रॉस करेगी। खड़ी ढांग होने के कारण समतल करने में खासी परेशानी सामने आ रही है। दो दिन से ट्रैक्टर गंगा रोड बनाने और समतल करने में लगे हैं।
कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले तिगरी गंगा मेले के लिए कई दिन से तैयारियां चल रही हैं। सबसे पहले गंगा रोड बनाने का काम चल रहा है। इसके लिए दो ट्रैक्टर दो दिन से चल रहे हैं। सड़क को जोत कर उसे समतल किया जा रहा है। इसके अलावा सदर रोड, वीआईपी रोड और बाजार रोड बनाने का भी काम चल रहा है। मगर तीनों ही रोड बनाने में जगह-जगह गड्ढों के साथ ही 40 फिट चौड़ा नाला खासा अवरोध पैदा कर रहा है। इसमें पानी नहीं है, मगर छह से सात फिट ऊंची खड़ी ढांग है। गंगा रोड को छोड़ तीनों रोड इस नाले पर क्रॉस होंगी। मगर तीन दिन से लगातार ट्रैक्टर चलने के बाद भी नाला समतल नहीं हुआ है। एसडीएम राजीव राज का कहना है कि ठेकेदार को जल्द से जल्द सड़क का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
गंगा का अचानक बढ़ा जल स्तर, कम करने की गुहार
तिगरी गंगा मेला स्थल पर 40 फीट चौड़े नाले के अलावा एक नाला और है। जिस पर गंगा रोड बनाई जा रही है। इस नाले को समतल कर रोड बनाने का काम शुरु किया गया। इस दौरान शनिवार को गंगा का जल स्तर बढ़ गया। जिससे नाले में दो से तीन फिट पानी हो गया। कई जगह नाले में और भी अधिक पानी है। ठेकेदार ने एसडीएम से गुहार लगाई कि वह बाढ़ खंड से कह कर पानी कम कराएं। जिससे नाले पर रोड बनाने का काम प्रभावित न हो।
असमंजस में ठेकेदार कितनी चौड़ी बनाई जाए गंगा रोड
बीते दिनों डीएम ने तिगरी गंगा मेले के लिए जिले के सभी अधिकारियों के साथ बैठक की। डीएम ने निर्देश दिए थे कि पांच नवंबर तक मेले की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। डीएम ने श्रद्धालुओं की संख्या बीते साल के मुकाबले बहुत अधिक होने की संभावना को देखते हुए निर्देश दिए कि गंगा रोड की चौड़ाई दोगुनी होनी चाहिए। मगर ठेकेदार इस असमंजस में हैं कि चौड़ाई कितनी रहेगी। कारण सड़क बनवाने का काम लोक निर्माण विभाग देखता है। लोक निर्माण विभाग ने सड़क बीते साल के मुकाबले चौड़ी बनाने को नहीं कहा है। जबकि डीएम के निर्देश चौड़ाई बढ़ाने के हैं।