अमरोहा। ससुराल वालों ने विवाहिता को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। विरोध करने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया। मायके में हुई पंचायत में पति ने विवाहिता को तीन तलाक दे दिया। पीड़िता ने मामले की शिकायत एसपी से की। उनके निर्देश पर पुलिस ने पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
यह मामला नौगावां सादात का है। मोहल्ला इस्लामनगर निवासी इस्लामुद्दीन की बेटी शबाना परवीन की शादी 19 मार्च 2017 को जनपद बिजनौर के मोहल्ला रामपुर बकली निवासी मोहम्मद इमरान के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल में शबाना को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। विरोध करने पर पति मारपीट करता था। 25 मई को उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। जबकि तीन साल के बेटे को उन्होंने की छील लिया। तभी से पीड़िता अपने मायके में रहती है। आरोप है कि 15 जुलाई को ससुराल वाले पंचायत करने विवाहिता के मायके आए थे। तभी पति ने भरी पंचायत में शबाना को तीन तलाक दे दिया। पीड़िता ने एसपी पूनम को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि पति मोहम्मद इमरान के खिलाफ तीन तलाक और दहेज उत्पीड़न की एफआईआर दर्ज की गई है।