अमरोहा। करीब साढ़े पांच साल पहले किशोर का अपहरण कर हत्या करने के मामले में न्यायालय ने तीन आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। साथ ही 75 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
नगर कोतवाली के मोहल्ला पीरगढ़ निवासी ऋषिपाल सिंह का दस वर्षीय बेटा प्रिंस 18 मई 2013 को लापता हो गया था। परिजनों ने कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शक के आधार पर पुलिस ने मोहल्ले के ही दो युवक अशोक और प्रदीप उर्फ दीपक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो घटना से पर्दा उठा गया। आरोपी प्रिंस की हत्या कर चुके थे। पुलिस ने उनके तीसरे साथी वेदप्रकाश उर्फ बॉबी निवासी मोहल्ला मोतीनगर को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर उनकी निशानदेही पर रेलवे लाइन के किनारे स्थित नाले से प्रिंस का शव बरामद किया था। तीनों ने गला काट कर उसकी हत्या की थी। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया। तभी से तीनों आरोपी जेल में बंद थे। यह मुकदमा अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (त्वरित न्यायालय) उमेश कुमार द्वितीय की अदालत में विचाराधीन था। मंगलवार को अदालत ने अपना फैसला सुनाया। अभियोजन पक्ष की ओर से शासकीय अधिवक्ता रविंद्र गर्ग ने जोरदार पैरवी की। न्यायालय ने साक्ष्य और सबूतों के आधार पर तीनों को दोषी करार दिया और उम्रकैद की सजा सुनाई है। साथ ही तीनों पर 75 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।