अमरोहा। हैंडलूम कारोबारी गुफरान की मौत के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने ताबिश दी, लेकिन एक भी आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका। रिपोर्ट दर्ज होने के 36 घंटे बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों में आक्रोश है। कारोबारी के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए पुलिस ने डीएम से अनुमति के लिए पत्राचार किया है। यदि डीएम ने अनुमति दी तो रविवार को कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम कराया जा सकता है।
अमरोहा नगर के मोहल्ला नल अताउल्लाह के बेटे हैंडलूम कारोबारी गुफरान घर के नीचे कारोबार करते थे। पिछले कुछ दिन से मोहल्ला कोट निवासी फजल, मोहल्ला सराय कोहना निवासी सोनू कबाब वाला, बबलू व मोहसिन, मोहल्ला चाहमुल्लान निवासी अयूब बावर्ची, मोहल्ला बटवाल निवासी तंजीम बेग, मोहल्ला तलवार शाह निवासी सलीम और गुफरान की भाभी सना उसे परेशान कर रहे थे।
24 अगस्त के शाम चार बजे फजल ने गुफरान को कोट चौकी पर बुलाया। यहां पर पहले से सभी आरोपी मौजूद थे। सभी ने पुलिस चौकी के पास ही गुफरान के साथ बदतमीजी और मारपीट की। इसके बाद गुफरान को चौकी से दुकान पर ले गए और बंधक बनाकर पीटा। जान से मारने की धमकी भी दी गई। आरोपियों से छूटकर शाम को पांच बजे गुफरान घर पहुंचे और पत्नी शबीना से कमरे में पंखे के सहारे फंदे पर लटक कर जान दे दी। परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर फंदे पर लटक रहे गुफरान को नीचे उतरा और अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पूरे मामले से अनजान परिजनों ने 25 अगस्त को गुफरान के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया था।
सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहे हैं। मृतक के शव को कब्र से निकलने के लिए डीएम से अनुमति मांगी गई है। जैसे ही अनुमति मिलेगी। उसके बाद शव को निकाल कर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। नामजद आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।