मंडी धनौरा। रविवार की रात को घर में घुस कर सोने-चांदी आदि के आभूषण चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस संबंध में एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी किए सारे आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। बरामद किए गए सामान की कीमत करीब तीन लाख रुपये हैं।
प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के गांव हैबतपुर चौधरियान निवासी सुशील के मकान में रविवार की रात चोरी हो गई थी। घटना के समय सुशील मकान के भीतर सो रहे थे। गृहस्वामी को घटना की जानकारी सुबह को हुई। अलमारी खुली देखकर उनका माथा ठनका। उनकी अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। सुशील की ओर से इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
निरीक्षक ने बताया कि जांच के दौरान जानकारी मिली कि घटना को ग्राम चुचैला कलां निवासी भोलू द्वारा अंजाम दिया गया है। मुखबिर से सूचना मिली कि भोलू रामगंगा पोषक नहर के पास किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही उसे दबोच लिया गया। उसके पास मौजूद थैले को अपने कब्जे में ले लिया गया। उसके कब्जे से सोने के कान के कुंडल, मंगलसूत्र, दो जोडे़ सोने केे झुमके, सोने की बाली व चांदी के आभूषण बरामद किए गए। बरामद किए गए सामान की कीमत करीब तीन लाख रुपये हैं। आरोपी सामान को किसी को बेचने की फिराक में था। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।