सैदनगली (अमरोहा)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रामगोपाल यादव ने सैदनगली में एक निजी कार्यक्रम के दौरान कहा कि यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हमले के आरोपियों के एनकाउंटर पर सवाल उठते हैं। समय आने पर ऐसे एनकाउंटर करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
बताया जाता है कि सैदनगली निवासी परिवार से उनका 13 साल पुराना जुड़ाव है। उस समय उन्होंने एक व्यक्ति की मदद की थी, जिसकी पत्नी को प्रसव पीड़ा के दौरान मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब वही बच्ची 13 वर्ष की हो चुकी है, जिससे मिलने के लिए वह मंगलवार को सैदनगली पहुंचे। इस दौरान उनके साथ कांठ से विधायक व पूर्व मंत्री कमाल अख्तर भी मौजूद रहे।
बातचीत में रामगोपाल यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने गैस सिलिंडर की किल्लत को लेकर कहा कि आम जनता परेशान है जबकि सरकार समस्या से इन्कार कर रही है। आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर उन्होंने दावा किया कि जनता वर्तमान सरकार से त्रस्त हो चुकी है और आने वाले समय में बदलाव तय है।
इसके अलावा उन्होंने हाल ही में हुई यूपी पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा के पेपर में पंडित शब्द के प्रयोग पर भी आपत्ति जताई और सरकार पर पक्षपात का आरोप लगाया। वहीं भाजपा विधायक राजीव तरारा की कार पर हुए हमले का जिक्र करते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। रामगोपाल यादव ने कहा कि प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति संतोषजनक नहीं है। जो लोग जमीनी हकीकत को नजरअंदाज कर रहे हैं, उन्हें समय ही सबक सिखाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि 2027 में प्रदेश की राजनीतिक तस्वीर बदलती नजर आएगी।