गजरौला। डीसीएम सवार बदमाशों ने साथ में बैठे किसान को डीसीएम रुकवाकर खेत में खींच लिया। उसकी जेब से सात हजार रुपये लूट लिए। पिटाई कर ब्रजघाट चौकी क्षेत्र में खेतों में फेंक गए। किसी तरह वह हसनपुर सीएचसी पहुंचा और अपना उपचार कराया।
सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव बांहपुर निवासी एक ग्रामीण ने अपने खेत में लौकी की फसल उगाई है। वह शुक्रवार को गाजियाबाद में लौकी बेचकर लाल कुआं से एक डीसीएम में सवार हो गया। किसान का आरोप है कि डीसीएम में पहले से ही पीछे बैठे दो लोगों ने उसके साथ मारपीट की। ब्रजघाट चौकी क्षेत्र में डीसीएम पहुंचने पर दोनों ने उसे रुकवा लिया। किसान को खेत में खींच ले गए। उसकी जेब में रखे सात हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर पिटाई कर खेत में फेंक दिया। काफी देर बाद वह होश में आया। किसी तरह हसनपुर सीएचसी पहुंचा। यहां पर उसने अपना उपचार कराया। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। जिनको वह लूट के विरोध पर बदमाशों की पिटाई के बता रहा था। मामले की पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। थाना प्रभारी सुशील कुमार वर्मा ने जानकारी से इनकार किया है।