गजरौला। अधिकारियों की अनदेखी से सरकारी भवनों का बुरा हाल हैै। उन पर तैनात कर्मचारी नियमित नहीं आते। राजकीय बीज भंडार पर 8 का स्टाफ होने के बावजूद बृहस्पतिवार को कोई नहीं आया। उस पर ताला लटका रहा।
ब्लॉक का राजकीय बीज भंडार क्षेत्र के गांव वारसाबाद में स्थित हैै। इस पर किसानों को अनुदान पर हरेक सीजन की फसल का उत्तम किस्म का बीज मिलता है। अन्य जानकारी भी किसानों को दी जाती हैं। इस समय धान, उड़द और मूंग आदि का बीज उपलब्ध है। हरी खाद के लिए ढेंचा का बीज भी आया है। मगर हैरत की बात यह है कि इस पर तैनात स्टाफ प्रतिदिन नहीं आता। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 1.30 बजे राजकीय बीज भंडार पर ताला लगा हुआ था। कुछ किसान बीज भंडार से वापस जाते मिले। उन्होंने बताया कि यहां पर स्टाफ कभी कभार बैठता हैै। इस कारण लोगों को कई चक्कर लगाने पड़ते हैं। बीज भंडार प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि उन समेत 8 का स्टाफ है। वह पत्नी को यूपी टीईटी की परीक्षा दिलाने के लिए छुट्टी पर हैं। अन्य स्टाफ फील्ड में गया होगा। इस कारण ताला लगा होगा। उनके अलावा अन्य स्टाफ अधिकतर फील्ड में रहता हैै।